आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में क्रिकेट फैंस को एक बार फिर रोमांच की पराकाष्ठा देखने को मिली लेकिन साथ ही राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय ओपनिंग सनसनी वैभव सूर्यवंशी का दिल एक बार फिर टूट गया। अहमदाबाद के मैदान पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए इस महामुकाबले में वैभव लगातार दूसरे मैच में अपने शतक से महज कुछ रन दूर रह गए। दो दिन पहले एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 97 रन पर आउट होने वाले वैभव कल रात क्वालीफायर-2 में 96 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी इस बेमिसाल पारी के बावजूद राजस्थान रॉयल्स यह मैच हारकर फाइनल की रेस से बाहर हो गई है।
नर्वस नाइंटीज का दोबारा शिकार: 47 गेंदों में खेली 96 रनों की आतिशी पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर वैसी ही तूफानी शुरुआत दिलाई जिसके लिए वह इस पूरे सीजन में जाने गए हैं। गुजरात टाइटंस के घातक गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए वैभव ने मैदान के हर कोने में बाउंड्री की बरसात कर दी। उन्होंने मात्र 47 गेंदों का सामना करते हुए 96 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली जिसमें 7 गगनचुंबी छक्के और 8 करारे चौके शामिल थे।
जब लग रहा था कि वह इस सीजन का अपना अगला शतक आसानी से पूरा कर लेंगे तभी वह एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बाउंड्री पर लपके गए। शतक चूकने के बाद वैभव के चेहरे पर मायूसी साफ देखी जा सकती थी और वह काफी देर तक पिच पर सिर झुकाकर खड़े रहे। कप्तान रियान पराग भी मैदान पर इस युवा खिलाड़ी को दिलासा देते हुए नजर आए।
बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड: आंद्रे रसेल का सालों पुराना कीर्तिमान ध्वस्त
भले ही वैभव सूर्यवंशी अपना शतक पूरा नहीं कर पाए लेकिन इस पारी के दौरान उन्होंने विश्व क्रिकेट का एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जिसे तोड़ पाना किसी भी बल्लेबाज के लिए नामुमकिन सा होगा। वैभव आईपीएल के इतिहास में सबसे कम गेंदें खेलकर 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए मात्र 440 गेंदों का सामना किया। इस मामले में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने 545 गेंदों में अपने 1000 रन पूरे किए थे। इसके अलावा वैभव इस आईपीएल सीजन के में 500 से अधिक रन बनाने वाले पहले किशोर बल्लेबाज भी बन गए हैं। उनके इस तूफान की बदौलत राजस्थान ने 6 विकेट पर 214 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
शुभमन गिल के शतक से फीकी पड़ी वैभव की मेहनत गुजरात फाइनल में
राजस्थान रॉयल्स द्वारा दिए गए 215 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने इस करो या मरो के मैच में कमाल का जज्बा दिखाया। गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चे से टीम की अगुवाई की और वैभव की मेहनत पर पानी फेर दिया। गिल ने 53 गेंदों में 15 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 104 रनों की कप्तानी शतकीय पारी खेली।
गिल और साई सुदर्शन 58 रन के बीच हुई 167 रनों की मजबूत ओपनिंग पार्टनरशिप की बदौलत गुजरात टाइटंस ने इस लक्ष्य को 7 विकेट रहते ही हासिल कर लिया। इस बड़ी जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है जहां खिताब के लिए उनका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। वहीं दूसरी ओर ऑरेंज कैप होल्डर वैभव सूर्यवंशी और उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स का इस सीजन का शानदार सफर यहीं समाप्त हो गया।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1