New Delhi: राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। बुधवार को भी लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। दिनभर चलने वाली तेज हवाएं गर्मी के असर को और ज्यादा बढ़ा सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर में भी देखने को मिलेगा। 28 और 29 मई को आंशिक बादल छाने, हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक महसूस किए जा सकते हैं। इसे देखते हुए बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
43.5 डिग्री ने तोड़ा लोगों का सब्र
मंगलवार को दिल्लीवासियों ने इस सीजन की सबसे कठिन गर्मी में से एक का सामना किया। राजधानी के कई इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री के पार पहुंच गया। लगातार 11वें दिन पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी, जिससे दिनभर सड़कों और बाजारों में गर्मी का असर साफ दिखाई दिया।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण भी बना चिंता का कारण
गर्मी के साथ-साथ खराब हवा भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 252 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही, जहां AQI 332 तक पहुंच गया। गाजियाबाद और नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही। हालांकि गुरुग्राम की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जहां AQI मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं से तापमान के साथ प्रदूषण स्तर में भी कुछ राहत मिल सकती है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
