तेज रफ़्तार दौड़ रहा खेल जगत यकायक थम गया है या शिथिल पड़ गया है l दुनिया भर का मीडिया अमेरिका – ईरान युद्ध और तेल – पेट्रोल की कमी को कोसता हुआ फीफा वर्ल्ड कप के गुणगान में लग गया है l देखते ही देखते पॉप गायिका शकीरा भी प्रकट हो गई है l भले ही शकीरा की गायकी के दीवाने करोड़ों में हैं लेकिन जिस शख्स ने पूरी दुनिया को आंदोलित किया है और जिसका नाम लेने भर से पूरी दुनिया रोमांचित हो जाती है वह निसंदेह ब्राज़ील के महान फुटबाल स्टार नेमार जूनियर हैं l जैसे ही ब्राज़ील की राष्ट्रीय फुटबाल टीम में नेमार की वापसी की घोषणा होती है, हर जुबां से निकलता है, अब आएगा खेल का मज़ा l तारीफ की बात यह है कि क्रिकेट के नशे में चूर अपने देश में भी फुटबाल का ग्राफ तेजी से ऊँचा उठा और देखते ही देखते क्रिकेट धड़ाम से गिर गया है l उसकी लोकप्रियता में गिरावट शुरू हो गई है l यह हाल तब है जबकि भारत फीफा वर्ल्ड कप में भाग नहीं ले रहा है l माफ़ कीजिए, भाग लेने की योग्यता और हैसियत नहीं जुटा पाया है l क्योंकि हम दुनिया के महानतम खेल के सबसे निक्क्मे खिलाड़ी हैं l
उधर नेमार का चयन होता है तो पूरी दुनिया का मीडिया उसके स्तुतिगान में लग जाता है, जिसका वह सही हकदार भी है l वह फुटबाल के बेताज बादशाह पेले महान के देश से है, जिसने विश्व फुटबाल में ना सिर्फ जीत के झंडे गाड़े हैं फुटबाल को नई परिभाषा दी और फुटबाल जगत को कई जादूगर और कलाकार खिलाड़ी भी दिए हैं l उसी देश के महान खिलाड़ी नेमार जूनियर भले ही चोटों के कारण लंबे समय तक परेशान रहे लेकिन विश्व कप से ठीक पहले उनके ठीक होने और राष्ट्रीय टीम में शामिल होने का जश्न ना सिर्फ ब्राज़ील मना रहा है अपितु पूरा फुटबाल जगत, खिलाड़ी, फुटबाल प्रेमी और आम और खास नेमार के लिए रोमांचित हैं और उसके लिए दुआ कर रहे हैं l नेमार के फिट होने और ब्राज़ील की टीम में शामिल होने की खबर से पूरी दुनिया क्यों रोमांचित है? क्यों उसे सर माथे लिया जा रहा है? क्यों वर्ल्ड वार की आशंका में डूबे विश्व की प्राथमिकता फुटबाल बन गया है? इसलिए क्योंकि फुटबाल हर एक का खेल है l उसका भी जोकि खेलना नहीं जानता, उसका भी जिसके हाथ पांव नहीं हैं l वरना नेमार, रोनाल्डो और मेस्सी जैसे खिलाड़ी वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ही स्टार कैसे बन गए? ज़ाहिर है उनके और फुटबाल के चाहने वाले पूरी दुनिया में हैं l
रोनाल्डो और मेस्सी पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से फुटबाल जगत में छाए हुए हैं l अपने देशों और क्लबों के लिए सैकड़ों गोल जमा चुके हैं l अब नेमार मैदान में उतर रहे हैं l बेशक उन पर भी उम्मीदों का बोझ रहेगा लेकिन विश्व कप शुरू होने से पहले ही वह नायक बन चुके हैं l देखते हैं कौन महनायक बनता है!लेकिन इतना तय है कि नेमार रोनाल्डो और मेस्सी जैसे खिलाड़ी नया इतिहास रच सकते हैं l उन पर फुटबाल जगत निगाहें गड़ाए है l.
![]() |
Rajender Sajwan, Senior, Sports Journalist |
