आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने के बाद अब सीएनजी ने भी आम आदमी को जोर का झटका दिया है। आज यानी 23 मई 2026 की सुबह तेल कंपनियों और इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने ईंधन की कीमतों में नया इजाफा कर दिया है। पिछले 10 दिनों के भीतर यह तीसरी बार है जब देश में ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इस लगातार हो रही बढ़ोतरी ने मध्यम वर्ग और खास तौर पर रोज कमाने-खाने वाले ऑटो, टैक्सी और कैब ड्राइवरों के बजट को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में क्या हैं आज के नए दाम
आज सुबह 6:00 बजे से लागू हुई नई दरों के बाद देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में ईंधन की कीमतें काफी ऊपर चली गई हैं। दिल्ली में पेट्रोल के दाम में 87 पैसे की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद अब इसकी कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल की कीमतों में भी 91 पैसे प्रति लीटर का उछाल आया है, जिससे अब दिल्ली में एक लीटर डीजल 92.49 रुपये का मिल रहा है। इसके साथ ही सीएनजी की कीमतों में भी 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इस नए बदलाव के बाद दिल्ली में सीएनजी के दाम 81.09 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए हैं। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में यह 89.70 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है।
10 दिनों में तीसरी बार बढ़ी कीमतें और इसके पीछे की वजह
दरअसल, पिछले 10 दिनों के भीतर आम जनता को बैक-टू-बैक तीन झटके लग चुके हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दाम करीब 3 रुपये बढ़ाए गए थे, और फिर 19 मई को दोबारा इसमें 90 पैसे का इजाफा हुआ था। सीएनजी के साथ भी यही हुआ, 15 और 18 मई के बाद आज 23 मई को इसके दाम फिर बढ़ा दिए गए। इस लगातार बढ़ती महंगाई के पीछे की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार और दुनिया के मौजूदा हालात हैं।
मिडल ईस्ट में चल रहे युद्ध और तनाव के कारण ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ (जो कि दुनिया के तेल व्यापार का सबसे मुख्य समुद्री रास्ता है) वहां पूरी तरह से ब्लॉकेड यानी रास्ता ठप्प चल रहा है। इस वजह से दुनिया भर में कच्चे तेल की सप्लाई रुकने का डर बन गया है। जो क्रूड ऑयल कुछ समय पहले तक 70 डॉलर प्रति बैरल मिल रहा था, वह अब उछलकर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जा चुका है। भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा तेल बाहर से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार की इस मंदी और महंगाई का सीधा असर हमारे देश के पेट्रोल पंपों पर दिख रहा है।
घरेलू गैस और रसोई गैस सिलेंडर से अभी राहत
इस चौतरफा महंगाई के बीच आम गृहणियों के लिए राहत की बात बस इतनी है कि घरों में पाइप से आने वाली रसोई गैस (PNG) की कीमतों में फिलहाल तेल कंपनियों ने कोई बदलाव नहीं किया है। इसके साथ ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम भी अभी पुराने रेट पर ही बने हुए हैं। लेकिन जानकारों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के दाम इसी तरह बढ़ते रहे, तो आने वाले दिनों में ट्रांसपोर्टेशन (माल ढुलाई) महंगी होने के कारण फल, सब्जियां और दूध जैसी रोजमर्रा की चीजें भी और ज्यादा महंगी हो सकती हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1