एसजीएफआई और वेक्टर एक्स में ऐतिहासिक साझेदारी, स्कूली खेलों को मिलेगा नया आयाम

School Games Federation

New Delhi: लखनऊ के फॉर्च्यून पार्क बीबीडी में 7 नवंबर 2025 को सुबह 11:30 बजे स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) और सॉकर इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (वेक्टर एक्स) के बीच उपकरण एवं बॉल भागीदार के रूप में एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर एसजीएफआई के अध्यक्ष श्री दीपक कुमार (आईएएस) और वेक्टर एक्स के प्रबंध निदेशक श्री विकास गुप्ता ने सभी आमंत्रित गणमान्य व्यक्तियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस करार पर हस्ताक्षर किए।

स्कूली खेलों को विश्वस्तरीय उपकरणों से सुसज्जित करने की पहल

इस साझेदारी के तहत वेक्टर एक्स देशभर में आयोजित एसजीएफआई की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल और बास्केटबॉल खेलों के लिए उपकरण एवं गेंदें निःशुल्क उपलब्ध कराएगा। वहीं, डनलप टेनिस और स्क्वैश प्रतियोगिताओं के लिए बॉल पार्टनर के रूप में कार्य करेगा। यह समझौता न केवल खेल उपकरणों की गुणवत्ता में सुधार लाएगा बल्कि भारतीय स्कूली खेलों के मानकीकरण को भी नई दिशा देगा।

60 हजार से अधिक खिलाड़ी होंगे लाभान्वित

एसजीएफआई अध्यक्ष श्री दीपक कुमार (आईएएस) ने कहा कि हर वर्ष देशभर से लगभग 60,000 से अधिक खिलाड़ी 44 खेलों की 256 से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। यह साझेदारी इन युवा एथलीटों को विश्वस्तरीय अनुभव और उपकरण प्रदान करेगी, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 7 राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा रहा है, जिनकी सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं।

वेक्टर एक्स ने जताई प्रसन्नता, बताया “मील का पत्थर”

सॉकर इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री विकास गुप्ता ने कहा कि वेक्टर एक्स के लिए एसजीएफआई के साथ यह साझेदारी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि एसजीएफआई भारत का सबसे बड़ा स्कूली खेल महासंघ है और इस समझौते से भारत के युवाओं को विश्वस्तरीय मंच मिलेगा। उन्होंने आशा जताई कि यह पहल भारत में खेल प्रतिभाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। यह समझौता प्रारंभिक रूप से दो वर्ष के लिए है, जिसे आपसी सहमति से आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

एसजीएफआई में कार्य संस्कृति और पारदर्शिता का नया अध्याय

श्री दीपक कुमार (आईएएस) के नेतृत्व में जनवरी 2023 से एसजीएफआई में प्रशासनिक और वित्तीय सुधारों का नया दौर शुरू हुआ। कभी अव्यवस्था से जूझ रही यह संस्था अब भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा एक पारदर्शी, डिजिटल और एथलीट-केंद्रित संगठन के रूप में मान्यता प्राप्त कर चुकी है। वर्तमान में एसजीएफआई से 45 इकाइयाँ जुड़ी हैं और हर वर्ष 44 खेलों में 285 राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाती हैं, जिनमें 60 हजार से अधिक खिलाड़ी भाग लेते हैं।

तकनीकी नवाचार: डीजी लॉकर और एएमएस प्रणाली से दक्षता में वृद्धि

एसजीएफआई देश का पहला फेडरेशन है जिसने वर्ष 2011 से अब तक के 5 लाख से अधिक प्रमाणपत्र डीजी लॉकर पर अपलोड किए हैं। इससे प्रतिभागियों को उनके प्रमाणपत्र ऑनलाइन तुरंत उपलब्ध हो जाते हैं। साथ ही, एसजीएफआई ने एक स्वचालित प्रबंधन प्रणाली (एएमएस) भी शुरू की है जो रिकॉर्ड समय में परिणाम और प्रमाणपत्र तैयार करती है, जिससे पारदर्शिता और दक्षता दोनों सुनिश्चित होती हैं।

आधार लिंक पंजीकरण, वित्तीय सहायता और खेल नियमों में सुधार

खिलाड़ियों का आधार लिंक पंजीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन शुरू कर एसजीएफआई ने आयु और डाटा की प्रमाणिकता को सुनिश्चित किया है। इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजकों को 1.5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी दी जा रही है। वहीं, खेल नियमों में भी वर्ष 2025 से संशोधन कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है। इस पहल के लिए एसजीएफआई को विभिन्न राष्ट्रीय महासंघों से सराहना प्राप्त हुई है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Pooja Kumari Ms. Pooja,
Share:

Written by 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *