New Delhi: दिल्ली में इस बार छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु यमुना नदी में झाग से घिरे पानी में पूजा करते हुए नहीं दिखेंगे। छठ पूजा से पहले दिल्ली सरकार ने यमुना नदी को झागमुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राजधानी में हर साल छठ से पहले यमुना में झाग बनने की समस्या सामने आती है। इसे रोकने के लिए सरकार ने इस बार डी-फोमर कंसंट्रेट केमिकल का इस्तेमाल किया है, जिससे झाग खत्म हो जाएंगे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल में पूजा करने का अवसर मिलेगा।
सोशल मीडिया पर वीडियो, फिर शुरू हुई बहस
आम आदमी पार्टी के एक विधायक ने यमुना में डी-फोमर केमिकल डालने की प्रक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह वही केमिकल है, जिसका इस्तेमाल पहले भी आप सरकार के दौरान किया गया था। उस समय भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने इस रासायनिक पदार्थ को “ज़हरीला केमिकल” बताया था। अब जब उसी केमिकल का दोबारा उपयोग किया जा रहा है, तो इसे लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है।
आप ने भाजपा पर साधा निशाना
इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी के नेता संजय खा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “अगर यह ज़हर था, जैसा भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा था, तो अब इसका इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है? और अगर यह ज़हर नहीं था, तो तब जनता को गुमराह क्यों किया गया?” उनके इस बयान के बाद एक बार फिर यह मुद्दा राजनीतिक तूल पकड़ गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी सफाई
विवाद के बीच दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सफाई देते हुए कहा कि “यमुना में जो केमिकल डाला जा रहा है, वह सर्टिफाइड है और पर्यावरण के मानकों का पूरा ध्यान रखा गया है। हमारा उद्देश्य यमुना को स्वच्छ बनाए रखना है ताकि श्रद्धालुओं को छठ पूजा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।”
मुख्यमंत्री ने किया घाटों का निरीक्षण
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने छठ पूजा से पहले यमुना घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें यह भी दिखाया गया कि किस तरह नदी के पानी को साफ़ किया जा रहा है। सीएम ने कहा, “यमुना का पानी अब इस स्थिति में है कि जलीय जीव इसमें बेहतर तरीके से रह सकते हैं। यह दिल्ली के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।” उन्होंने बताया कि छठ पूजा के मद्देनज़र घाटों की सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
