New Delhi: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भले ही न हुआ हो, लेकिन सियासी हलचल तेज़ हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर पहुंचे। बेगूसराय में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि हाल ही में राहुल गांधी ने ‘‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’’ निकाली थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर घर जाकर लोगों को समझाएं कि विपक्षी गठबंधन सत्ता में आया तो बिहार घुसपैठियों से भर जाएगा।
पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ
अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को अद्वितीय बताते हुए कहा कि मोदी जी लगातार 24 साल तक बिना अवकाश के या तो राज्य या देश की सेवा करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘मोदी जी ने हमेशा देश को प्राथमिकता दी, उसके बाद पार्टी और फिर कार्यकर्ताओं को। निजी हित या परिवार का कभी विचार नहीं किया।’’ शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बिहार की विजय बेहद अहम है क्योंकि ‘‘बिहार जितना सुरक्षित और मजबूत होगा, उतना ही भारत भी सशक्त होगा।’’
विपक्ष पर ‘वोट चोरी’ के आरोप का जवाब
गृह मंत्री ने बेगूसराय पहुंचने से पहले डेहरी-ऑन-सोन में भी पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर ‘‘वोट चोरी’’ के झूठे विमर्श फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन भ्रामक दावों का पर्दाफाश करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष सत्ता में आया तो बिहार में घुसपैठियों की संख्या बढ़ जाएगी, जिससे राज्य की सुरक्षा और समृद्धि प्रभावित होगी।
राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर तंज
राहुल गांधी की ‘‘वोटर अधिकार यात्रा’’ पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि इसका असली मकसद ‘‘बांग्लादेश से आए घुसपैठियों की रक्षा करना’’ था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता को विपक्षी गठबंधन की नीतियों के खतरों से आगाह करें। शाह ने कहा कि कांग्रेस पहले भी इसी तरह की अफवाहें फैला चुकी है, जैसे कि भाजपा आरक्षण खत्म करना चाहती है, जबकि ऐसा कभी नहीं हुआ।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
