New Delhi: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पिछले 24 घंटों में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। प्रांत में अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने करतारपुर समेत कई जिलों में हालात और बिगाड़ दिए हैं। पंजाब प्रांत लगभग एक हफ्ते से बाढ़ की चपेट में है और अब तक करीब 1,700 से अधिक गांव पानी में डूब चुके हैं। सिख समुदाय के लिए विशेष महत्व रखने वाला करतारपुर भी इस आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
30 लोगों की मौत, लाखों हुए बेघर
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के अनुसार, मानसून की शुरुआत 26 जून से होने के बाद अब तक देशभर में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में करीब 842 लोगों की जान जा चुकी है। पंजाब की वरिष्ठ मंत्री मरियम औरंगजेब ने जानकारी दी कि बीते 24 घंटों में अकेले पंजाब प्रांत में 30 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ की वजह से लगभग 15 लाख लोग बेघर हो गए हैं और पिछले कुछ दिनों में करीब 5 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
गांव और फसलें पूरी तरह डूबीं
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ से पंजाब में लगभग 2,000 गांव जलमग्न हो गए हैं। हजारों एकड़ में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि शहरों को बचाने के लिए प्रशासन को कई जगहों पर विस्फोटकों की मदद से तटबंध तोड़ने पड़े। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने बताया कि मंडी बहाउद्दीन, चिनिओट और झांग जिलों में कम से कम सात तटबंधों को विस्फोट कर तोड़ा गया है ताकि पानी का दबाव कम किया जा सके।
राहत और बचाव कार्य जारी
मंत्री मरियम औरंगजेब के अनुसार, चिनाब नदी से 1,169 गांव, रावी नदी से 462 गांव और सतलुज नदी से आई बाढ़ से 391 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए पूरे प्रांत में 351 राहत और चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दो सितंबर तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
