New Delhi: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ बाबर आज़म भले ही इस बार एशिया कप 2025 का हिस्सा न हों, लेकिन उनकी चर्चा मैदान से बाहर भी जोरों पर है। दरअसल, बाबर ने एक चैरिटी मैच में अपने बल्ले से नहीं बल्कि गेंद से ऐसा कमाल कर दिखाया जिसने सबको हैरान कर दिया। पेशावर जल्मी की ओर से खेलते हुए बाबर ने दो बड़े विकेट अपने नाम किए और पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज़ यूनिस खान और अजहर अली को पवेलियन भेजा।
पहली ही गेंद पर अजहर अली आउट
पेशावर के इमरान खान स्टेडियम में खेले गए इस 15-15 ओवर के मुकाबले में बाबर आज़म ने अपनी गेंदबाज़ी का जलवा बिखेरा। छठे ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने अजहर अली को शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट करा दिया। इसके बाद सातवें ओवर की पहली ही गेंद पर यूनिस खान को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। यूनिस केवल 2 रन ही बना सके और हंसते हुए मैदान से बाहर लौटे।
बल्ले से भी दिखाया दम
यह मुकाबला पेशावर जल्मी और ऑल-स्टार लीजेंड्स XI के बीच खेला गया था, जिसका उद्देश्य पाकिस्तान में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करना था। गेंदबाज़ी के साथ-साथ बाबर ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया और सिर्फ 23 गेंदों पर 41 रन ठोक डाले। हालांकि, उन्हें सईद अजमल ने अपना शिकार बनाया।
फैन ने मैदान में लगाई एंट्री
मैच के दौरान बाबर के फैंस का उत्साह भी देखने लायक रहा। एक फैन सुरक्षा घेरे को तोड़कर मैदान में घुस आया और बाबर से गले मिल गया। सिक्योरिटी गार्ड्स ने तुरंत उसे मैदान से बाहर किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुल मिलाकर, बाबर आज़म ने इस चैरिटी मैच में यह साबित कर दिया कि वे सिर्फ शानदार बल्लेबाज़ ही नहीं, बल्कि गेंद से भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
