New Delhi: एनडीए ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से सीपी राधाकृष्णन के नाम पर मुहर लगाई गई। इस फैसला के बाद एनडीए अब विपक्षी दलों से भी समर्थन हासिल करने की कोशिश में जुट गया है।
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?
सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु के वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय से भाजपा और आरएसएस से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे महाराष्ट्र के राज्यपाल के तौर पर कार्यरत हैं। इससे पहले वे झारखंड, तेलंगाना और पुडुचेरी जैसे राज्यों में भी राज्यपाल की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। कोयंबटूर से लोकसभा सदस्य रह चुके राधाकृष्णन दक्षिण भारत में भाजपा को मजबूत करने वाली प्रमुख शख्सियतों में गिने जाते हैं।
तमिलनाडु के समीकरण साधने की कोशिश
सीपी राधाकृष्णन ओबीसी वर्ग की गाउंडर जाति के कोंगु वेल्लालर उपसमुदाय से आते हैं। यह समुदाय पश्चिमी तमिलनाडु में प्रभावशाली माना जाता है। हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों में भाजपा को इसी समुदाय के असंतोष का सामना करना पड़ा था। ऐसे में राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाना तमिलनाडु में भाजपा के लिए डैमेज कंट्रोल कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
विपक्ष से सहमति बनाने की कोशिश
जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए इस पद पर सर्वसम्मति बनाने के लिए विपक्षी दलों से भी बातचीत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष भी राधाकृष्णन के नाम पर सहमति जताएगा, जिससे उपराष्ट्रपति का चुनाव निर्विरोध हो सके।
कब होगा चुनाव?
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा और उसी दिन मतगणना भी कराई जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त तय की गई है, जबकि प्रत्याशी 25 अगस्त तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। वर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए हाल ही में पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद यह पद रिक्त हो गया है।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
