New Delhi: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए एक बड़ी पहल की है। गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में ‘भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी-चिवनिंग उत्तर प्रदेश राज्य सरकार छात्रवृत्ति योजना’ को मंजूरी दे दी गई है। इस योजना के तहत हर वर्ष प्रदेश के 5 मेधावी छात्रों को ब्रिटेन की शीर्ष यूनिवर्सिटियों में मास्टर्स डिग्री के लिए भेजा जाएगा। इस योजना का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाया जाएगा।
विदेश में उच्च शिक्षा के लिए मिलेगा सुनहरा अवसर
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सम्मान में शुरू की गई इस योजना को उत्तर प्रदेश सरकार और ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (FCDO) ने मिलकर तैयार किया है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को विदेश में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देना है। छात्रों को कैंब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकॉनमिक्स, इंपीरियल कॉलेज ऑफ लंदन और किंग्स कॉलेज जैसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटियों में मास्टर्स कोर्स के लिए भेजा जाएगा। यह योजना शैक्षणिक सत्र 2025-26 से आरंभ होकर 2027-28 तक जारी रहेगी, जिसे 30 मार्च 2028 तक नवीनीकृत भी किया जा सकता है।
खर्च का विभाजन और लाभों का विवरण
एक छात्र पर आने वाला कुल खर्च लगभग 45 से 50 लाख रुपये (38,048 से 42,076 पाउंड) होगा। इसमें से आधा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार वहन करेगी, जबकि शेष राशि FCDO द्वारा दी जाएगी। छात्रवृत्ति में ट्यूशन फीस, परीक्षा व शोध शुल्क, मासिक भत्ता, और इकोनॉमी क्लास की हवाई यात्रा का खर्च शामिल होगा। चयन प्रक्रिया राज्य सरकार और FCDO के बीच हुए एमओयू के अनुसार पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। चयनित छात्र एक वर्ष के लिए ब्रिटेन में अध्ययन करेंगे।
युवाओं के सपनों को मिलेगा पंख
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि यह योजना अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति समर्पण से प्रेरित है। यह उन छात्रों के लिए एक नया अवसर होगा, जो आर्थिक कारणों से विदेश में पढ़ाई का सपना नहीं देख पाते। यह पहल न केवल राज्य के युवाओं की शिक्षा को नई ऊंचाई देगी, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी प्रदान करेगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1
![]() |
Ms. Pooja, |
