20 जून को आमिर ख़ान की “सितारे ज़मीन पर” रिलीज़ हो चुकी है। साथ ही बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, इस बार उनकी नई फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को लेकर। लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले आमिर की फिल्म जहां बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है, वहीं सोशल मीडिया पर इसके खिलाफ विरोध की लहर भी देखने को मिल रही है। बता दें कि सितारे जमीन पर’ 2007 में आई आमिर की बेहद पॉपुलर फिल्म ‘तारे जमीन पर’ का सीक्वल है।
बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत, लेकिन विवादों की गिरफ्त में फिल्म
ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी फिल्मों के असफल रहने के बाद आमिर खान के लिए यह फिल्म बहुत मायने रखती थी। करीब तीन साल के अंतराल के बाद रिलीज हुई ‘सितारे जमीन पर’ को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और दर्शकों का भी शुरुआती रुझान उत्साहजनक रहा। लेकिन इसके बावजूद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर नेगेटिव ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जिससे यह साफ है कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस सफर आसान नहीं रहने वाला।
सोशल मीडिया पर क्यों उठी बॉयकॉट की मांग?
फिल्म की रिलीज के कुछ ही दिनों बाद ट्विटर पर #BoycottSitareZameenPar ट्रेंड करने लगा। कुछ यूजर्स ने फिल्म की कहानी और इसके प्रस्तुतिकरण पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा कि फिल्म पूरी तरह से पैसा बर्बाद है और इसे देखने के बजाय लोगों को गरीबों की मदद करनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने आमिर खान की पुरानी फिल्म ‘पीके’ का हवाला देते हुए कहा कि जब आमिर भगवान शिव पर दूध चढ़ाने को लेकर टिप्पणी कर सकते हैं, तो अब उनकी फिल्म पर पैसा खर्च करना व्यर्थ है।
फिल्म की कहानी को बताया भटकती हुई
कई लोगों ने फिल्म की विषयवस्तु को लेकर भी नाराजगी जताई। सोशल मीडिया पर एक दर्शक ने प्रतिक्रिया दी कि फिल्म की कहानी बार-बार अपना फोकस बदलती है – कभी माता-पिता के रिश्ते पर, कभी आमिर की निजी जिंदगी पर तो कभी एक स्पेशल चाइल्ड की कहानी पर। इससे दर्शकों को कनेक्ट करने में कठिनाई हुई और फिल्म बिखरी हुई महसूस हुई।आमिर खान के खिलाफ नाराजगी का यह सिलसिला नया नहीं है। इससे पहले उनकी फिल्म ‘पीके’ को धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर भारी विरोध झेलना पड़ा था। इसके अलावा, उनकी पूर्व पत्नी किरण राव द्वारा देश में “असुरक्षा महसूस होने” की बात कहने का मामला भी सोशल मीडिया पर अब तक जीवित है। 2020 में आमिर की तुर्की की फर्स्ट लेडी से मुलाकात ने भी उन्हें विवादों में घसीट लिया था, जिसके कारण ‘लाल सिंह चड्ढा’ को भी काफी नुकसान उठाना पड़ा।
क्या फिर दोहराएगा इतिहास?
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ‘सितारे जमीन पर’ भी ‘लाल सिंह चड्ढा’ की तरह सोशल मीडिया के विरोध की भेंट चढ़ेगी? हालांकि इस बार फिल्म को अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं और इसकी कमाई का ग्राफ भी शुरुआती दिनों में सकारात्मक है, लेकिन आमिर खान को लेकर लोगों की नाराजगी उनकी फिल्मों की किस्मत तय करने में बड़ी भूमिका निभा रही है।यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या आमिर खान इस बार आलोचना से पार पाकर अपने करियर को नई दिशा देने में सफल होते हैं या फिर यह फिल्म भी विवादों के साये में दम तोड़ देगी।
××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group
https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1