स्टार क्रिकेटर और युवा सांसद की लव स्टोरी पर लगी मुहर, नवंबर में बजेगी शादी की शहनाई

RinkuPriyaEngagement

New Delhi: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो गई है। इस खास मौके की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें यह जोड़ी बेहद खूबसूरत नजर आ रही है।

सगाई का कार्यक्रम लखनऊ के एक फाइव स्टार होटल ‘द सेंट्रम’ में आयोजित किया गया था। इस समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, अभिनेत्री और सांसद जया बच्चन, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव जैसे कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

सगाई से पहले रिंकू सिंह अपने परिवार के साथ बुलंदशहर के चौधेरा वाली विचित्र देवी मंदिर में आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। सगाई के अवसर पर रिंकू और प्रिया ने पारंपरिक परिधान पहने हुए थे और दोनों साथ में बेहद आकर्षक लग रहे थे।

परिवार, रिश्तेदारों और नज़दीकी मित्रों की मौजूदगी में जैसे ही रिंकू ने प्रिया को अंगूठी पहनाई, वह क्षण बेहद भावुक हो गया। इस दौरान सांसद प्रिया सरोज की आंखों से आंसू छलक पड़े। समारोह में पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला और यूपी रणजी टीम के कप्तान आर्यन जुयाल भी शामिल हुए। रिंकू सिंह ने इस मौके पर क्रीम कलर की शेरवानी पहनी थी, जबकि उनकी मंगेतर प्रिया सरोज गुलाबी रंग का लहंगा पहनकर सजी थीं। दोनों की जोड़ी बेहद मनमोहक लग रही थी।

कौन हैं प्रिया सरोज?

प्रिया सरोज ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से जीत हासिल की थी। वे वरिष्ठ राजनेता और तीन बार के सांसद रहे तूफानी सरोज की बेटी हैं, जो वर्तमान में विधायक भी हैं। राजनीति के साथ-साथ प्रिया पेशे से एक वकील भी हैं।

कब होगी शादी?

अब जब सगाई हो चुकी है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि शादी कब होगी? बताया जा रहा है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के ताज होटल में विवाह बंधन में बंधेंगे।

आज के कार्यक्रम में राजनीति, क्रिकेट और परिवार से जुड़े करीब 300 मेहमानों ने शिरकत की। प्रिया सरोज ने रिंकू के लिए कोलकाता से खास डिज़ाइनर रिंग मंगवाई थी, जबकि रिंकू सिंह ने मुंबई से प्रिया के लिए विशेष अंगूठी मंगाई। दोनों रिंग्स की कुल कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

××××××××××××××
Telegram Link :
For latest news, first Hand written articles & trending news join Saachibaat telegram group

https://t.me/joinchat/llGA9DGZF9xmMDc1

Share:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *